हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी को लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी और गठबंधन के बेहतर प्रदर्शन पर बधाई दी। साथ ही सोनिया गांधी को हिमाचली टोपी व शाल पहनाई। मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल में कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की उन्हें जानकारी दी। साथ ही आपदा में किस प्रकार से सरकार लोगों की मदद कर रही है और किस प्रकार से जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है, उसकी भी जानकारी दी। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी द्वारा हिमाचल को दिए गए मार्गदर्शन और चुनाव में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। चुनाव में शानदार प्रदर्शन पर दी बधाई उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद शिष्टाचार के नाते मुलाकात कर पार्टी नेतृत्व द्वारा लोकसभा चुनाव में किए गए शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को उठाते हुए और बेहतर कार्य करें, इसके लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल को सोनिया गांधी और कांग्रेस के नेतृत्व का पूरा सहयोग मिल रहा है। जो हम सबके लिए गौरव का विषय है। अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर भी बनाएगी, जनता के हित में फैसला भी लेगी। साथ ही जनता के सहयोग से आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को मजबूत बनाना पहला लक्ष्य है। हर नागरिक के स्वाभिमान को कांग्रेस सरकार मजबूत करेगी।