कांगड़ा जिले में शाहपुर से विधायक और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर इलाके की मांगें रखीं। उन्होंने अंडरबाईपास, ट्रैफिक व्यवस्था और गगल एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर बात की। सीएम सुक्खू ने मुद्दों के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इससे पहले पठानिया ने शाहपुर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में एसडीएम, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने दीपावली पर पटाखों की दुकानों के लिए सुरक्षित जगह, बाजार में पार्किंग और रेहलू रोड के किनारे लगे पेड़ों को हटाने की मांग रखी। अंडरबाईपास बनाने का मुद्दा भी उठा बैठक में शाहपुर में बढ़ते ट्रैफिक से निपटने के लिए अंडरबाईपास बनाने का मुद्दा भी उठा। पठानिया ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगें सरकार के सामने रखी जाएंगी। कांगड़ा एयरपोर्ट पर सीएम से मुलाकात के दौरान पठानिया ने अंडरबाईपास को शाहपुर की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान बताते हुए इसे प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने शाहपुर में डीएसपी ट्रैफिक तैनात करने या ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने का मुद्दा भी उठाया। गगल एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित लोगों की समस्याएं भी रखी पठानिया ने गगल एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित लोगों की समस्याएं और मांगें भी सीएम के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के साथ प्रभावित परिवारों के हितों और स्थानीय लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है। पठानिया ने प्रशासन से दीपावली के दौरान बाजार में पार्किंग, ट्रैफिक नियंत्रण और पटाखों की दुकानों के लिए समय रहते व्यवस्था करने को कहा।

Spread the love