भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार को निकम्मी व निठल्ली सरकार करार दिया है। भाटिया ने सुक्खू सरकार के 2 साल के अवसर पर होने वाले जश्न कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि ये ‘जश्न ए बर्बादी’ कार्यक्रम है। कांग्रेस सरकार ने 2 सालों में प्रदेश को बर्बाद किया है। मंगलवार को शिमला पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान गौरव भाटिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार भ्रष्टाचार व वादा खिलाफी की पर्याय बन कर रह गयी है। सीएम सुक्खू के राज में सीएम व उनके मित्र मस्त हैं और हिमाचल प्रदेश की जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास प्रदेश की सेवा करने वाले कर्मचारियों को वेतन देने के लिए देने के लिए पैसे नहीं है। लेकिन मित्रों पर जनता का पैसा लुटाने के लिए कोई कमी नहीं है, सभी को कैबिनेट रैंक दिया है। “ऐसा कोई सगा नही जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं”
भाटिया ने कांग्रेस की गारंटियों पर हमला करते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी देने का वादा किया। सुक्खू सरकार को इसका जवाब देना चाहिए क्या वादा पूरा हुआ। प्रदेश की सभी 18 से 59 साल की महिलाओं को 1500 रु. देने की बात कही लेकिन कितनी महिलाओं को दिया। उन्होंने सरकार की 5 गारंटी पूरी करने वाले सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस ने जब प्रदेश की जनता को गारंटियां दी उन्हें तब ही गारंटी के साथ उसके नीचे कंडीशन भी लिखनी चाहिए थी कि इसका लाभ सिर्फ 10% लोगों को मिलेगा। वहीं इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस की अन्य गारंटियों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कोई गारंटी पूरी नही की है। “सुक्खू सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ये बताएं कि वो किस बात का जश्न मना रही है। यह जश्न ए बर्बादी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में एक सप्ताह तक कार्यक्रम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने डॉ. बिंदल के अगुवाई में मजबूती से विपक्ष की भूमिका निभाई है व प्रदेश सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। “सरकार ने बन्द की जन कल्याणकारी योजनाएं”
गौरव ने कहा कि जब से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है उन्होंने पूर्व सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं कक बन्द करने का काम किया है संस्थान बंद, हिमकेयर बन्द, सहारा सहित किसानों से जुड़ी योजनाओं को बंद दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में हिमाचल प्रदेश की बर्बादी ही हुई है इसलिए बर्बादी का जश्न नहीं हो सकता ।भाटिया ने कहा कि भाजपा के सवालों का जवाब देना सीएम सुक्खू के बस में नहीं है। राहुल – प्रियंका पर साधा निशाना
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने साथ ही राहुल गांधी व प्रियंका गांधी पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले देश भर में कांग्रेस नेता गारंटियां देते है। लेकिन उनकी एक ही गारंटी है, भ्रष्टाचार की गारंटी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, प्रदेश भर में भ्रष्टाचार हो रहा है सरकार उनकी जांच नही करवाती लेकिन समोसे की जांच होती है। टॉयलेट टैक्स लगाकर देश भर में हिमाचल प्रदेश को बदनाम करवाया। बाद में दबाव के चलते नोटिफिकेशन वापस ली। “केंद्र कर रही हिमाचल प्रदेश की मदद”
भाजपा प्रवक्ता गौरव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश की दिल खोल कर मदद की है।एम्स ,मेडिकल डिवाइस पार्क, बल्क ड्रग पार्क, एक लाख से ज्यादा लोगो को घर, हर घर में नल, आपदा में 1800 करोड़ की मदद, मनरेगा में पैसा दिया। प्रदेश से जितनी भी सिफारिशें केंद्र के पास गई, केंद्र ने सभी को पूरा किया है। वहीं उन्होंने हाल में ‘स्पेशल असिस्टेंट टू स्टेटस फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट स्कीम’ के तहत 23 राज्यों को जारी 3296 करोड़ में हिमाचल कोई मदद ना करने के सवाल पर कहा कि किसी भी स्किम के तहत पैसे लेने के लिए फिक्सल प्रूडेंस पूरा करना पड़ता है। प्रदेश सरकार उसको पूरा नही कर रही है। मित्रों को काम देकर प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग करके उनको बर्बाद कर रहे हैं तो मदद कहाँ से आएगी।

Spread the love

By