हिमाचल में मस्जिद विवाद में बीते कल के सद्भावना मार्च के बाद देवभूमि संघर्ष समिति आज प्रदर्शन करेगी। समिति ने सभी 12 जिलों में मस्जिद मामले में प्रदर्शन का आवाहन किया है। जिला मुख्यालय में यह प्रदर्शन 11.30 बजे शुरू होगा। इस दौरान संजौली में मस्जिद के अवैध हिस्से को गिराने की मांग की जाएगी। दरअसल, शिमला नगर निगम आयुक्त कोर्ट में 5 अक्टूबर को अवैध मस्जिद मामले में सुनवाई है। देवभूमि संघर्ष समिति के अध्यक्ष मदन ठाकुर ने बताया कि प्रदर्शन के माध्यम से कोर्ट से मस्जिद को लेकर जल्द फैसला देने की मांग की जाएगी। इसी मंशा से आज प्रदर्शन का आवाहन किया गया है। 11 सितंबर को संजौली में उग्र प्रदर्शन कर चुके लोग संघर्ष समिति ने पहले ही चेतावनी दे दी है कि यदि 5 अक्टूबर को फैसला नहीं आता तो इस मामले में लोग सड़कों पर उतरेंगे। संजौली मस्जिद मामले में बीते 11 सितंबर को शिमला में हिंदू संगठन उग्र प्रदर्शन कर चुके हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद प्रदेश के ज्यादातर शहरों में धरना प्रदर्शन किए गए। व्यापारियों ने 2 से 3 घंटे बाजार बंद रखकर रोष जाहिर किया। मुस्लिम समुदाय की खुद तोड़ने की पेशकश के बाद मामला थोड़ा शांत हुआ 13 सितंबर को संजौली मस्जिद कमेटी ने नगर निगम आयुक्त से मिलकर कोर्ट का फैसला आने पर खुद मस्जिद के अवैध हिस्से को तोड़ने की पेशकश की और कहा कोर्ट यदि मस्जिद को अवैध बोलता है तो मस्जिद कमेटी अवैध निर्माण को खुद तोड़ देगी। जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आ जाता, तब तक अवैध हिस्से को सील किया गया। इसके बाद मस्जिद विवाद थोड़ा शांत हुआ है। मगर हिंदू संगठन मस्जिद को गिराने की मांग पर अड़े हुए हैं। 2 की जगह 5 मंजिल बना दी गई मुस्लिम समुदाय के अनुसार, संजौली में मस्जिद आजादी से पहले की बनी है। मगर तब यह मस्जिद 2 मंजिला थी। अब यहां पर बिना नक्शा पास कराए 5 मंजिला मस्जिद बना दी गई है। इसका केस नगर निगम कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में 45 बार पेशी लग चुकी है। नगर निगम में 35 बार मस्जिद के अवैध निर्माण को रोकने के लिए मस्जिद कमेटी को नोटिस दिए है। मगर निर्माण नहीं रुका। अब स्थानीय लोगों का आरोप है घनी आबादी वाले छोटे से इलाके में बड़ी संख्या में नमाज पढ़ने लोग आते हैं। उस दौरान यहां स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसलिए स्थानीय लोग अवैध मस्जिद के हिस्से को गिराने की मांग कर रहे हैं।शिमला के संजौली से भड़की चिंगारी प्रदेश के दूसरे शहरों में भी फेल चुकी है।

Spread the love

By