देश में सबसे हॉट एवं छोटी काशी मंडी लोकसभा सीट पर 13,71,173 मतदाता आज नए सांसद के चयन के लिए मतदान करेंगे। इनमें 6,85,831 पुरुष तथा 6,78,224 महिला वोटर है। प्रदेश के छह जिलों में फैले मंडी संसदीय क्षेत्र में 2059 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इस सीट पर कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह और बीजेपी की कंगना रनोट में कांटे की टक्कर मानी जा रही है। इनका भाग्य आज शाम तक EVM में कैद हो जाएगा और चार जून की मतगणना के बाद तय होगा कि मंडी की जनता किसे सांसद बनाकर दिल्ली भेजती है। मंडी से वर्तमान में कांग्रेस की प्रतिभा सिंह सांसद हैं। वह 2021 के उप चुनाव में जीती है। 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस की इस सीट पर हार हुई थी। 2014 में भी कांग्रेस मंडी लोकसभा सीट पर चुनाव हार गई थी। ​​मतदाताओं को हीटवेव से बचाने को किए इंतजाम DC मंडी एवं रिटर्निंग ऑफिसर अपूर्व देवगन ने बताया कि मतदाताओं को मतदान के दौरान हीटवेव से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए है। पोलिंग स्टेशनों के अंदर और बाहर पंखें लगाए गए हैं। पीने के लिए पानी और धूप से वोटरों को बचाने के लिए शामियाना की व्यवस्था की गई है। मंडी में 8 ग्रीन पोलिंग स्टेशन, वन हैं तो हम हैं का संदेश देंगे DC मंडी ने बताया कि जलवायु में हो रहे परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिला के आठ पोलिंग स्टेशन देवीदड़, थरजूं, ब्वायज स्कूल सुन्दरनगर, बीईओ कार्यालय बागी, मसेरन, शानन, कोट और गलमा को ग्रीन पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन बूथों पर पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग किया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा वन हैं तो हम है तथा लोकतंत्र के प्राण वायु का संदेश देने के लिए यह नई पहल है। इन हरित मतदान केन्द्रों पर पर मतदाताओं का स्वागत करने के लिए प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल से स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं।

Spread the love

By