हिमाचल प्रदेश में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ​​​​​​ब्यूरो ने 15 घंटे के भीतर 2 रिश्वत लेने वाले कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। ऊना जिले में विजिलेंस टीम ने ASI को 3000 रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। वहीं आज सुबह सोलन जिला के बद्दी में एक पंचायत सचिव को भी 1200 रुपए की रिश्वत की रकम के साथ दबोचा गया। विजिलेंस ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। ऊना जिला के हरोली पुलिस स्टेशन में तैनात ASI निर्मल पटियाल पर आरोप है कि उसने एक केस को दबाने की एवज में हरौली के अंकीश कुमार से रिश्वत मांगी थी। अंकीश कुमार ने इसकी शिकायत विजिलेंस को की थी। इसके बाद विजिलेंस टीम ने ASI को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस थाने के भीतर ही ASI गिरफ्तार विजिलेंस ने बीती रात को आरोपी ASI निर्मल पटियाल को पुलिस थाने के भीतर ही रंगे हाथ रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ASI मूल रूप से कांगड़ा जिला के पालमपुर क्षेत्र का रहने वाला है और कुछ समय पहले ही उसकी तैनाती हरौली में की गई थी। बद्दी में पंचायत सचिव गिरफ्तार वहीं सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की किशनपुरा पंचायत के सचिव मनीष कुमार को भी विजिलेंस ने रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया है। मनीष कुमार ऊना जिला के बलद्वाड़ा का रहने वाला है। मनीष ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के लिए एक व्यक्ति से रिश्वत की मांग की थी। संबंधित व्यक्ति ने इसकी सूचना विजिलेंस को दी। इसके बाद विजिलेंस ने पंचायत सचिव को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

Spread the love