हिमाचल में टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) सस्ते पास देने का फैसला लिया है। स्थानीय निवासी कम कीमत पर सालाना पास बनवा सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को यह पास ₹1,500 में मिलेगा, जबकि नगर निकाय (म्युनिसिपल) क्षेत्र में रहने वालों को इसके लिए ₹3,000 सालाना देने होंगे। यह सुविधा हिमाचल प्रदेश समेत देशभर के सभी टोल प्लाजा पर लागू होगी। इसके लिए वाहन मालिक के पास वैध और चालू FASTag होना जरूरी है। साथ ही, यह सुविधा केवल निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए होगी। स्थानीय निवासी सालाना पास के बजाय ₹360 का मासिक पास भी बनवा सकते हैं। दोनों में से अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प चुन सकेंगे। यह पास केवल उसी टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके 20 किलोमीटर के दायरे में वाहन मालिक रहता है। हिमाचल में 6 टोल प्लाजा पर मिलेगी सुविधा हिमाचल में NHAI के कुल 6 टोल प्लाजा हैं। इनमें शिमला-मटौर हाईवे पर घट्टा, परवाणू-शिमला हाईवे पर सनवारा और कीरतपुर-मनाली हाईवे पर मौरा, बलोह, टकोली और डोहलू नाला टोल प्लाजा शामिल हैं। इन सभी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र स्थानीय निवासी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। ₹3,075 में देशभर के टोल प्लाजा के लिए सालाना पास NHAI की एक अन्य वार्षिक FASTag पास योजना भी है। इसमें ₹3,075 देकर निजी वाहन चालक एक साल में NHAI के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने टोल प्लाजा से अधिकतम 200 बार गुजर सकते हैं। इस हिसाब से हर बार टोल पार करने का खर्च करीब ₹15.38 पड़ेगा। NHAI के अनुसार, देशभर में एक करोड़ से अधिक वाहन चालक इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। स्थानीय निवासियों के लिए 20 किलोमीटर के दायरे वाला पास और देशभर में इस्तेमाल होने वाला ₹3,075 का वार्षिक पास अलग-अलग योजनाएं हैं।

Spread the love