हिमाचल प्रदेश में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसों का सिलसिला नहीं थम रहा है। मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में एक विदेशी पैराग्लाइडर पायलट हादसे का शिकार हो गया। हादसे में ऑस्ट्रिया निवासी 50 वर्षीय निकोलस थामस घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जोगेंद्रनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तेज हवाओं के कारण पायलट पैराग्लाइडर पर नियंत्रण नहीं रख सके और वह खेतों में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। बीड़-बिलिंग से अकेले उड़ान भरी जानकारी के अनुसार निकोलस ने दोपहर के समय बीड़-बिलिंग से अकेले उड़ान भरी थी। वह उड़ान भरते हुए जोगेंद्रनगर के गुम्मा क्षेत्र की पहाड़ियों के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे उनका पैराग्लाइडर पर नियंत्रण खो गया। इसके बाद गुम्मा और छानग के बीच खेतों में पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में निकोलस की पीठ पर चोट आई। पैराग्लाइडर को खेतों में गिरता देखकर ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। एक किलोमीटर तक स्ट्रेचर पर उठाकर पहुंचाया सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, घटनास्थल तक सड़क की सीधी पहुंच नहीं थी। ऐसे में ग्रामीणों और बचाव दल के सदस्यों ने घायल पायलट को स्ट्रेचर पर उठाया और करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जोगेंद्रनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। 2 दिन पहले भी हुआ था हादसा गौरतलब है कि मंडी जिले के घटासनी क्षेत्र में भी 2 दिन पहले एक विदेशी पैराग्लाइडर हादसे का शिकार हुआ था। उस पायलट ने भी बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी। लगातार 2 हादसों के सामने आने के बाद पैराग्लाइडिंग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Spread the love