हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति के कोकसर में सोमवार को एक टेंपो ट्रैवलर सड़क हादसे का शिकार हो गया। इसमें 7 स्कूली बच्चों और एक टीचर को चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कुछ को मनाली अस्पताल और अन्य को सिस्सू के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वाहन में मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित हिमालया पब्लिक स्कूल के 11 स्टूडेंट्स, एक शिक्षक घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर बाद टेंपो ट्रैवलर मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रहा था। इस दौरान गढ़बोर के पास ड्राइवर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे गर्ग एंड गर्ग कंपनी के प्लांट के नजदीक HP01K9878 नंबर ट्रैवलर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोकसर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। वहां टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। वाहन में कुल 11 बच्चे, एक शिक्षक और ड्राइवर सवार थे। हादसे में एक शिक्षक सहित 7 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को मनाली अस्पताल और अन्य को पीएचसी सिस्सू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। परिजनों को दी सूचना, हादसे की जांच शुरू डीएसपी ने बताया कि घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) प्राप्त कर लिए गए हैं और उनके परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एएसआई श्याम लाल, प्रभारी पुलिस पोस्ट कोकसर की ओर से की जा रही है।

Spread the love