दीपावली और आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने प्रदेशवासियों के लिए शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराई हैं। इस वर्ष मिल्कफेड की ओर से करीब 500 क्विंटल शुद्ध मिठाइयां तैयार की गई हैं, जिन्हें राज्य के विभिन्न जिलों में विशेष स्टॉलों के जरिए बेचा जा रहा है। मंडी में मिठाई बिक्री स्टॉल का औपचारिक शुभारंभ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने किया। एचपी मिल्कफेड चक्कर के यूनिट इंचार्ज विश्वकांत शर्मा ने बताया कि मिल्कफेड हिमाचल सरकार का उपक्रम है, जो स्थानीय दुग्ध उत्पादक किसानों से दूध खरीदकर शुद्ध मिठाइयां तैयार करता है। उन्होंने बताया कि मंडी प्लांट के तहत सेरी मंच, गांधी चौक (मंडी), सुंदरनगर, चक्कर, कुल्लू, जाहू, बाहल और हमीरपुर समेत कई प्रमुख स्थानों पर स्टॉल लगाए गए हैं। इस बार मंडी क्षेत्र के लिए विशेष रूप से ‘डोडा बर्फी’ को नई मिठाई के रूप में लॉन्च किया गया है। दूध के खरीद मूल्य और मिठाइयों के दामों पर चर्चा करते हुए विश्वकांत शर्मा ने स्पष्ट किया कि पिछले तीन वर्षों में किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का दाम 32-33 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 51 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जिसे 61 रुपये तक ले जाने की योजना है। किसानों को बेहतर दाम देने के बावजूद मिठाइयों की कीमतों में बहुत मामूली वृद्धि की गई है—छोटे पैकेट पर केवल 10 रुपये और 800 ग्राम वाले पैकेट पर महज 20 से 25 रुपये बढ़ाए गए हैं। मिल्कफेड ने आम जनता से त्योहारों पर शुद्ध और भरोसेमंद मिठाइयों की खरीदारी करने की अपील की है।