सोलन जिला पुलिस की SIU टीम ने नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धर्मपुर क्षेत्र में शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा पिकअप से देसी शराब मार्का ‘पटियाला संतरा’ की 197 पेटियां बरामद की हैं। इनमें 2,375 अधिये और 4,900 पव्वे शामिल हैं। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन ने बताया कि 28 और 29 अक्टूबर की मध्यरात्रि को SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि धर्मपुर थाना क्षेत्र से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक महिंद्रा पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में देसी शराब की पेटियां लदी मिलीं। गिनती करने पर कुल 197 पेटियां बरामद हुईं। परमिट मांगने पर नहीं दिखा सका दस्तावेज धर्मपुर पुलिस ने पिकअप चालक की पहचान पवन कुमार (37) निवासी गांव बड़ोया, डाकखाना ईखु, तहसील बद्दी, जिला सोलन के रूप में की है। पुलिस ने जब उससे इतनी बड़ी मात्रा में शराब ले जाने के संबंध में वैध परमिट और दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस थाना धर्मपुर में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया। वाहन और शराब जब्त, पुराने रिकॉर्ड की जांच शुरू धर्मपुर पुलिस ने शराब की सभी पेटियों सहित महिंद्रा पिकअप को जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की गई और उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर नियमानुसार पाबंद किया गया। पुलिस अब आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है।

Spread the love