शहर के जैतो मंडी में ‘पंजाबी फैशन’ नाम से लेडीज गारमेंट्स की दुकान चलाने वाले कारोबारी अर्शदीप सिंह के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने पहुंचे 5 युवकों को आसपास के दुकानदारों ने मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात की साजिश कारोबारी की पूर्व महिला मित्र ने रची थी, जिसने आरोपियों को अपहरण के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। दुकान में घुसकर जबरन ले जाने की कोशिश शिकायतकर्ता अर्शदीप सिंह के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:45 बजे वे अपनी दुकान के गेट पर खड़े थे। इसी दौरान दो बाइकों पर आए 5 युवक पहुंचे। आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जबरन खींचकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे। अर्शदीप के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर एकत्र हो गए और पांचों युवकों को दोनों मोटरसाइकिलों सहित पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए आरोपी और मुख्य साजिशकर्ता पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों की पहचान आर्यन, पंकज, अनीश (तीनों निवासी चंबा) तथा रोबिन व विनित (दोनों निवासी चंडीगढ़) के रूप में की है। इसके अलावा जैतो पुलिस ने जीरकपुर में रह रही जगाधरी निवासी सुखविंदर कौर और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्नैपचैट की दोस्ती, ब्रेकअप और 10 लाख की रंगदारी शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब दो साल पहले स्नैपचैट के जरिए उसकी पहचान सुखविंदर कौर से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बनने पर अर्शदीप ने अपने परिवार से भी उसकी मुलाकात करवाई थी और शादी करना चाहता था। हालांकि, मई 2026 में ब्रेकअप होने के बाद महिला उससे 10 लाख रुपये की मांग करने लगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दे रही थी। जब रंगदारी नहीं मिली तो महिला ने अपने अज्ञात साथी के साथ मिलकर अर्शदीप के अपहरण की साजिश रची और चंबा व चंडीगढ़ के युवकों को 5 लाख रुपये में सुपारी देकर वारदात के लिए भेजा। पुलिस कार्रवाई और 2 दिन का रिमांड एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। मुख्य साजिशकर्ता सुखविंदर कौर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।