छोटी काशी मंडी की पहचान और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना ‘आई लव मंडी’ सेल्फी पॉइंट एक बार फिर शरारती तत्वों के निशाने पर आ गया है। इंदिरा मार्केट की छत पर स्थापित इस सेल्फी प्वाइंट के अंग्रेजी अक्षर ‘A’ को तोड़ दिया गया है। शहर के बीचोंबीच स्थित इस स्थल पर बार-बार हो रही तोड़फोड़ ने न केवल इसकी सुंदरता को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ‘आई लव मंडी’ सेल्फी प्वाइंट स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी खास आकर्षण है। यहां आने वाला शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो, जो इस स्थान पर तस्वीर खिंचवाए बिना लौटता हो। इसके पीछे स्थित ऐतिहासिक घंटाघर इसकी खूबसूरती को और बढ़ाता है। ऐसे में इस स्थल पर बार-बार तोड़फोड़ होना शहर की छवि को भी प्रभावित करता है। स्थानीय निवासी अनिल शर्मा का कहना है कि यहां स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटक भी बड़ी संख्या में सेल्फी खिंचवाने पहुंचते हैं। इसके बावजूद शरारती तत्व बार-बार तोड़फोड़ कर इसकी सुंदरता को खराब कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दिवाली से पहले सेल्फी प्वाइंट की मरम्मत करवाई जाए, ताकि त्योहार के दौरान शहर की इस पहचान को फिर से सुंदर बनाया जा सके। नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल वहीं, इंदिरा मार्केट के प्रधान अशोक शर्मा ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सेल्फी प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि इस स्थल को पहले भी कई बार ठीक करवाया गया, मगर शरारती तत्वों की हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुरुआत में यहां रेलिंग और गमले भी लगाए गए थे, जिन्हें नुकसान पहुंचाया गया। अशोक शर्मा ने कहा कि सेल्फी प्वाइंट के करीब 100 मीटर के दायरे में एसपी कार्यालय, डीसी कार्यालय और पुलिस चौकी स्थित हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है। उन्होंने यहां रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।