शिमला में नशे की बड़ी खेप सप्लाई करने जा रहे पंजाब के एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के नजदीक एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रेशम सिंह (34), निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा शिमला में सप्लाई करने के प्रयास में था। पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल की टीम काफी समय से संदिग्ध सप्लायर पर नजर रख रही थी। आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी अभियान के तहत शोघी के पास टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती है और इसे इस वर्ष की प्रमुख बरामदगियों में से एक माना जा रहा है। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इस साल 5.5 किलो चिट्टा-हेरोइन बरामद शिमला पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक करीब 5.5 किलोग्राम चिट्टा और हेरोइन बरामद की जा चुकी है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई है। इसमें करीब 1.120 किलोग्राम हेरोइन की एक बड़ी बरामदगी भी शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग छह करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त करीब एक करोड़ रुपए मूल्य की वाणिज्यिक मात्रा में एलएसडी, 16.5 किलोग्राम चरस, 14 किलोग्राम अफीम और छह किलोग्राम पॉपी हस्क भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, भांग और अफीम की अवैध खेती के 10 लाख से अधिक पौधों को भी नष्ट किया गया है।

Spread the love