हिमाचल की राजधानी को राज्य के 9 जिलों से जोड़ने वाला शिमला-बिलासपुर-धर्मशाला नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है। बिलासपुर के नमहोल खलोटा के पास सड़क धंसने के कारण मरम्मत के लिए यातायात रोका गया है। NHAI ने इस सड़क सभी छोटे बड़े वाहनों बंद किया है। इसके बाद नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और SP (पुलिस अधीक्षक) कार्यालय बिलासपुर ने भी एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए वैकल्पिक रूट जारी किए गए हैं। वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। बिलासपुर से शिमला जाने वाले इस रूट से चलें पुलिस ने बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है। इन वाहनों को बरमाणा से जुखाला, ज्वाल पुल, रानीकोटल, घारसी और दाड़लाघाट होते हुए शिमला पहुंचना होगा। इसी तरह, शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहन दाड़लाघाट, घारसी, रानीकोटल, ज्वाल पुल और घुमारवीं/बरमाणा के रास्ते बिलासपुर की ओर जा सकेंगे। पर्यटकों को भी एडवाइजरी का पालन जरूरी शिमला, कसौली, चायल, नारकंडा, कुफरी इत्यादि पर्यटन स्थलों पर आने वाले टूरिस्ट भी इसी नेशनल हाईवे से मनाली, धर्मशाला, रोहतांग इत्यादि पर्यटन स्थलों पर जाते है। ऐसे में टूरिस्ट को भी इस एडवाइजरी का पालन करना होगा। मंडी जाने वाले वाहनों के लिए भी बदला रूट शिमला से मंडी की ओर जाने वाले वाहनों को दाड़लाघाट, नवगांव, घारसी, रानीकोटल और बैरी होते हुए मंडी की ओर जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से इन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करने को कहा है, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। ओवरटेकिंग से बचें, एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों पर अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है। साथ ही, यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। सड़क पर जरूरी सुधार कार्य पूरा होने तक वाहन चालकों को यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार बनाने की जरूरत है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है।