हिमाचल के ऊना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव प्लेटफार्म नंबर-1 पर रेलवे ट्रैक के पास खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह रेलवे पुलिस चौकी ऊना को ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। पहचान होने तक शव को अस्पताल के शवगृह में रखा जाएगा। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक गुरुवार रात दिल्ली जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन से उतरते समय उसकी चपेट में आ गया होगा। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीले रंग की हुडी पहन रखी थी मृतक ने पीले रंग की हुडी पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। रेलवे पुलिस चौकी ऊना के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।