हिमाचल की राजधानी शिमला के उपनगर संजौली चौक पर पुलिसकर्मी से बहस और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, वाहन में अनधिकृत फ्लैशर लाइट लगी होने के कारण जवान ने गाड़ी को रोका था। इस दौरान वाहन सवार दोनों लोगों की पुलिसकर्मी के साथ बहस हो गई। आरोप है कि उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली, जिससे मौके पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस के मुताबिक, संजौली चौक पर ड्यूटी के दौरान जवान ने फ्लैशर लाइट लगे वाहन को जांच के लिए रोका। इस पर गाड़ी में सवार एक व्यक्ति बाहर आया और पुलिसकर्मी से उसका नाम व पद पूछने लगा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि वाहन सवारों ने पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटनाक्रम के कारण चौक पर यातायात बाधित हुआ। पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर संजौली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान ढली निवासी राहुल शर्मा और लोअर कलस्टन निवासी 23 वर्षीय अर्णव के रूप में की है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने जवान पर पिस्तौल तानने के आरोपों को नकारा वहीं, पुलिस ने इस घटनाक्रम के दौरान जवान पर पिस्तौल तानने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों से इन आरोपों की पुष्टि नहीं होती और ये खुद को बचाने के लिए लगाए गए प्रतीत होते हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस सभी संबंधित तथ्यों की पड़ताल कर रही है।