हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में आज (रविवार) तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान का यलो अलर्ट दिया गया है। किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों के कुछेक भागों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को सतर्क रहने की एडवाइजरी दी गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- कल भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में आंधी व तूफान का यलो अलर्ट दिया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार है। 23 जून से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन राज्य के कुछेक भागों में 26 जून तक हल्की बारिश व बूंदाबांदी होने के आसार है। मानसून की एंट्री के अभी कोई संकेत नहीं मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की वजह से हिमाचल में भी इसके समय पर पहुंचने के आसार नहीं है। राज्य में मानसून एंट्री की नॉर्मल डेट 22 जून है, लेकिन इस बार 25-26 जून तक भी मानसून पहुंचने के आसार नहीं है। पहाड़ों पर सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे टूरिस्ट बेशक, मानसून पहुंचने में अभी देरी है, लेकिन बीते एक सप्ताह के दौरान बीच बीच में हल्की बारिश होती रही है। पहाड़ों पर इससे मौसम सुहावना बना हुआ है। इससे देशभर से पहाड़ों पर घूमने पहुंच रहे टूरिस्ट सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे है। ऊना का पारा 38 डिग्री पहुंचा बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में तेज धूप खिली। इससे मैदानी इलाकों के तापमान में उछाल आया और गर्मी में इजाफा हुआ है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़ा है। वहीं ऊना का पारा 38.0 डिग्री पहुंच गया है। कांगड़ा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 4.4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। कांगड़ा का पारा 34.5 डिग्री, भुंतर का 3.8 डिग्री के उछाल के साथ 33.6 डिग्री, शिमला का 2 डिग्री बढ़ने के बाद 27 डिग्री, मनाली का 3.0 के इजाफे के बाद 26.4 डिग्री और कुल्लू के भुंतर का अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री बढ़ने के बाद 33.6 डिग्री सेल्सियस हो गया है।