हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बाहली स्थित पीसीडीओ परिसर का दौरा किया। उन्होंने लगभग 150 बीघा भूमि में लगाए गए सेब के पौधों और स्टोन फ्रूट्स परियोजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बागवानी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक और जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनी दौरे के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने सड़क, पेयजल, कृषि और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे उनके समक्ष रखे। मंत्री ने कई मामलों का मौके पर ही निपटारा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंत्री ने ग्रामीणों को वन अधिकार अधिनियम-2006 के बारे में भी जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार पात्र लोगों को उनके अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विकास कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।

Spread the love