हिमाचल प्रदेश में डेढ़ महीने से चला आ रहा ड्राइ स्पेल आज टूटने के आसार हैं। प्रदेश में मंगलवार रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो गया है। इसका असर अगले 6 दिन तक नजर आएगा। इस दौरान ज्यादातर भागों में बारिश और अधिक ऊंचाई वाले कुछेक क्षेत्रों में हल्के हिमपात के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज पांच जिलों में आज और कल आंधी-तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों को दी गई है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान भी चल सकता है। 13 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर रहेगा। इस दिन आसमान में बादल या हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मगर 14 मार्च को यह ज्यादा स्ट्रॉन्ग होगा और विशेषकर 15 मार्च को पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 16 मार्च को भी पूरे प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। गर्मी से मिलेगी राहत बारिश-बर्फबारी के बाद प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत की सांस मिलेगी, क्योंकि बीते 5 दिनों के दौरान तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया था। प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री तक अधिक हो गया था। केलांग का पारा सामान्य से 11.2 डिग्री ज्यादा केलांग का तापमान सामान्य की तुलना में 11.2 डिग्री के उछाल के बाद 14.2 डिग्री, कल्पा का 11.0 डिग्री के उछाल के बाद 21.6 डिग्री, शिमला का 7.4 डिग्री उछाल के बाद 23.2 डिग्री, ऊना का 7.3 डिग्री उछाल के बाद 34.7 डिग्री और कांगड़ा का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 7.4 डिग्री अधिक के साथ 31.1 डिग्री पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 9 डिग्री तक ज्यादा इसी तरह न्यूनतम तापमान भी कई जगह सामान्य से 9 डिग्री तक अधिक हो गया है। मनाली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 9.1 डिग्री अधिक के साथ 11.9 डिग्री, शिमला का 7.9 डिग्री ज्यादा के साथ 14.5 डिग्री, कांगड़ा का 8.5 डिग्री ज्यादा के साथ 17.0 डिग्री और बिलासपुर का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 7.2 डिग्री के उछाल के बाद 15.5 डिग्री हो गया है। मार्च में अब तक 100 प्रतिशत कम बारिश मौसम विभाग के अनुसार-फरवरी माह में सामान्य से 96 प्रतिशत और मार्च में अब तक नॉर्मल से 100 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इससे राज्य में सूखे जैसे हालात पनप रहे हैं।