हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मैहली क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक भवन में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और अग्निशमन दल की टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मैहली स्थित एक इमारत में अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल आग की तीव्रता, घटना के कारणों और इससे हुए नुकसान के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग भवन के किस हिस्से में लगी है और क्या हादसे के वक्त इमारत के भीतर लोग मौजूद थे। पहले भी हो चुकी हैं आग की घटनाएं गौरतलब है कि मैहली क्षेत्र में आगजनी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी इसी क्षेत्र के एक बहुमंजिला भवन में भीषण आग लग गई थी, जिसमें करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था। उस समय दमकल की सात गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे में आग पर काबू पाया था। ताजा घटना में अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और विभागीय जांच के बाद ही स्थिति, जान-माल के नुकसान तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।