मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिवाली का पावन पर्व मशोबरा स्थित बालिका आश्रम में ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के बच्चों के साथ धूमधाम से मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ दिवाली की खुशियां बांटीं और उनके साथ बैठकर दोपहर का भोजन (लंच) भी किया। उन्होंने आश्रम के बच्चों को फल, मिठाइयां और पटाखे वितरित किए। ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ हमारे परिवार का हिस्सा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं और राज्य सरकार इन बच्चों के माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठा रही है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही बच्चों के घर बनाने और विवाह संबंधी खर्चों के लिए भी आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। हॉस्टलों के निर्माण के लिए ₹20 करोड़ जारी मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बाल देखभाल संस्थानों में बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉस्टलों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बच्चों को लगन से पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और मेहनत कर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर आश्रम की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। ढली चौक पर काफिला रोक जवानों को दीं मिठाइयां मशोबरा से वापस लौटते समय मुख्यमंत्री का काफिला ढली चौक पर अचानक रुक गया। मुख्यमंत्री खुद गाड़ी से उतरकर वहां ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिस जवानों के पास पहुंचे और उन्हें दिवाली की बधाई दी। CM ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें मिठाइयां, फल और पटाखे भेंट किए। मुख्यमंत्री के इस सादगी भरे अंदाज और अचानक मुलाकात से ड्यूटी पर तैनात जवानों में खासा उत्साह देखा गया।

Spread the love