कुल्लू जिले के जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को बड़ागढ़ बीट के तहत भुझणू गांव के जंगल में आग लगने के बाद रात होते ही दुआड़ा गांव के पीछे चीड़ के जंगल में लपटें उठने लगीं। जंगल में तेजी से फैल रही आग से दचाणी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में बने रिहायशी मकानों और सेब के बागानों पर खतरा मंडराने लगा है। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। 15 मिनट में मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम इससे पहले शनिवार दोपहर करीब 1:49 बजे पतलीकूहल अग्निशमन केंद्र को भुझणू गांव के जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम रवाना हुई और करीब 15 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। 2 लाख की वन संपदा बचाई अग्निशमन केंद्र प्रभारी राजकुमार के अनुसार, आग से घास और चीड़ के छोटे-बड़े पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। घटना में करीब 10 हजार रुपए की संपत्ति जलने का अनुमान है। वहीं, टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 2 लाख रुपए की वन संपदा और आसपास की घास को बचा लिया। घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।