हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक सड़क हादसे में पिता- पुत्र की मौत हो गई, जबकि उनकी 10 वर्षीय बेटी रातभर लापता रहने के बाद सोमवार सुबह सुरक्षित मिल गई। हादसा शिलाई-रोहनाट सड़क पर रविवार देर रात हुआ। पुलिस के अनुसार भटनोल के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तहसील कार्यालय शिलाई में कार्यरत सोहन और उनके सात साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोहन सिंह रविवार रात अपने निजी वाहन में बेटे और बेटी के साथ कामोटा से शिलाई जा रहे थे। इसी दौरान भटनोल के समीप अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा रात के समय हुआ, इसलिए किसी ने वाहन को खाई में गिरते हुए नहीं देखा। रात करीब एक बजे पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस, परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तलाशी के दौरान सोहन और उनके बेटे के शव बरामद हुए। रातभर लापता रही सात साल की मासूम हादसे के बाद सोहन की 10 साल की बेटी का कोई पता नहीं चल पाया। रात के अंधेरे और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बच्ची को ढूंढने में काफी मुश्किलें आईं। परिजनों, ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने रातभर बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह दूसरे गांव के खेत में मिली बच्ची सोमवार सुबह एसडीएम जसपाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों ने दोबारा तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन की मदद भी ली गई। काफी मशक्कत के बाद बच्ची पास के दूसरे गांव में एक खेत में सुरक्षित मिली। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बच्ची रात के अंधेरे में घटनास्थल से अपने घर की ओर जाने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा बच्ची के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे और पेतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा।

Spread the love