जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार कुल 5.33 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मेडल विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। महिला कबड्डी टीम में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की चार खिलाड़ियों को 33-33 लाख रुपए दिए जाएंगे। इनमें पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल हैं। चारों खिलाड़ियों को कुल 1.32 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपए और महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस तरह कबड्डी, मैराथन और 10 हजार मीटर दौड़ के पदक विजेताओं को मिलाकर प्रदेश सरकार की ओर से कुल 5.33 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। एशियाई खेलों के गोल्ड पर 4 करोड़ तक की पुरस्कार राशि मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की है। एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 4 करोड़, रजत के लिए 2.50 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 1.50 करोड़ रुपये देने का प्रावधान है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 5 करोड़, रजत पर 3 करोड़ और कांस्य पर 2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है। राष्ट्रमंडल और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 3 करोड़, रजत के लिए 2 करोड़ और कांस्य के लिए 1 करोड़ रुपये देने का प्रावधान है। खिलाड़ियों की यात्रा सुविधा में भी बढ़ोतरी प्रदेश से बाहर खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की यात्रा सुविधा में भी बढ़ोतरी की गई है। 200 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए एसी 3-टियर ट्रेन का किराया देने का प्रावधान है। वहीं, 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी इकोनॉमी क्लास की हवाई यात्रा के लिए पात्र होंगे। मुख्यमंत्री ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Spread the love