हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में आयुर्वेदिक अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही का मामला सामने आया है। गुरुवार को स्टाफ ने बिना जांच किए अस्पताल को बंद कर दिया। इस दौरान एक आवारा कुत्ता अंदर फंस गया। कुत्ते ने रात भर अस्पताल में तोड़फोड़ की। उसने दवाइयों और आयुर्वेदिक नुस्खों की पुड़ियों को दांतों से चबा दिया। खाद्य सामग्री को भी नष्ट कर दिया। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने खिड़की से कुत्ते को देखा। उन्होंने कुत्ते की वीडियो और तस्वीरें भी बनाईं। घटना बिझड़ी की है। स्थानीय टैक्सी ड्राइवर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। पहले भी अस्पताल में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ चुकी है। स्थानीय निवासी अमरचंद ने कहा कि उन्होंने कुत्ते को दवाइयां बिखेरते हुए देखा। अधिकारी ने मानी गलती
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. बृजमोहन शर्मा ने माना कि स्टाफ की लापरवाही से कुत्ता अंदर रह गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाब तलब किया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन की इस लापरवाही से मरीजों को परेशानी हो सकती थी।

Spread the love