हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 2 सितंबर तक चलने वाला मानसून सत्र आज (सोमवार) से शुरू होगा। इसमें कुल 12 बैठकें होगी। इस सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष प्राकृतिक आपदा, नेरचौक अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी और थुनाग हॉर्टिकल्चर कालेज को शिफ्ट करने को मुद्दा बनाएगा। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों की तालाबंदी, सड़कों की खस्ता हालत जैसे मुद्दे मानसून सत्र में गूंजेंगे। BJP ने सत्तापक्ष को घेरने की बीती शाम को ही शिमला आयोजित विधायक दल में रणनीति बना ली है। वहीं सत्तापक्ष आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में चाय-नाश्ते के बाद ओक ओवर में होने वाली मीटिंग में विपक्ष के हर हमले का जवाब देने की रणनीति बनाएगा। उधर, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सत्र शुरू होने से पहले दोपहर 12 विधानसभा में ऑल पार्टी मीटिंग लेंगे। इसमें सत्र को चलाने में सभी दलों से सहयोग की अपील की जाएगी। टल सकते है नए गठित निकाय के चुनाव सत्र के पहले ही दिन आज PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश नगरपालिका संशोधन अध्यादेश-2025 सदन में पेश करेंगे। इसके पास होने के बाद प्रदेश में नए गठित नगर निकाय में दो साल तक चुनाव टाले जा सकेंगे। वहीं इलेक्शन कमीशन ने सभी नगर निकाय में चुनाव की तैयारियां कर रखी है। मगर अब संशोधन विधेयक के पास होने के बाद नए गठित नगर निकाय में चुनाव टाले जा सकते हैं। कुलपति की नियुक्ति से जुड़ा विधेयक भी पेश होगा मंत्री चंद्र कुमार कृषि और बागवानी विश्वविद्यालय में कुलपति की नियुक्ति से जुड़ा संशोधन विधेयक भी आज सदन में पेश करेंगे और पुराने 2024 के संशोधन विधेयक को वापस लिया जाएगा। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर होगी चर्चा सत्तापक्ष के चार विधायक चंद्र शेखर, केवल सिंह पठानिया, सुरेश कुमार और नीरज नैय्यर आपदा के कारण हुए नुकसान पर चर्चा मांगेगे। सरकार खुद मानसून से हुए नुकसान पर चर्चा को लेकर प्रस्ताव लेकर आई है। विधानसभा को अब तक मिले 981 सवाल विधानसभा सचिवालय को अब तक 981 प्रश्न मिल चुके हैं। इनमें 793 तारांकित और 188 अतारांकित (लिखित उत्तर वाले)प्रश्न हैं। इसके अलावा अलग अलग नियमों के तहत 32 विषय सदन में चर्चा के लिए उठाए जाएंगे। शोकोद्गार से शुरू होगी सदन की कार्यवाही इससे पहले सदन की कार्यवाही की शुरुआत आज चिंतपूर्णी के पूर्व भाजपा विधायक गणेश दत्त भरवाल को शोकोद्गार के साथ शुरू होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत कई नेता व्याख्यान के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।