किन्नौर में बादल फटने के बाद गुरुवार को राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने घटनास्थल का दौरा किया। तिब्बत बॉर्डर ऋषि कांडा में बुधवार शाम को बादल फटने से पूह के पास होजो नाला में बाढ़ आ गई। बाढ़ से ऋषि डोगरी के लिए निर्माणाधीन सड़क कंपनी को भारी नुकसान पहुंचा है। पूह गांव की 11 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क निर्माण कंपनी का पुल, मजदूरों का डेरा और निर्माण कार्य में लगी मशीनरी को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। बाढ़ के कारण दूसरी तरफ फंसे कर्मचारियों तक भारतीय सेना भोजन पहुंचा रही है। सेना रात में ड्रोन से निगरानी कर रही है। एडीएम पूह रविंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रशासन नुकसान का आकलन करेगा। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और सड़क निर्माण कंपनी प्रबंधन से मिलकर स्थिति की जानकारी ली। राहत की सूचना है कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।