हिमाचल प्रदेश के मंडी के मनोनीत पार्षद ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पोस्टर में प्रधानमंत्री बना दिया। दरअसल, पार्षद ने एक बड़ा पोस्टर छपवाया। इसमें मुख्यमंत्री सुक्खू को प्रधानमंत्री लिख दिया। अब यह पोस्टर सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। हालांकि कुछ देर में ही यह पोस्टर मौके से हटा दिया गया। मगर तब तक कुछ लोगों ने इसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया में वायरल कर दी है। बता दें कि मुख्यमंत्री सुक्खू कल अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि पर्व में शामिल होने मंडी पहुंचेंगे। इसके लिए मनोनीत पार्षद दर्शन ठाकुर ने मुख्यमंत्री के स्वागत के पोस्टर छपवाए। इन्हें शहर में जगह जगह लगाया गया है। इनमें से एक पोस्टर में लिखा, “प्रधानमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मंडी आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं शुभकामनाएं”। पार्षद बोले-प्रिंटिंग में गलती हुई मनोनीत पार्षद दर्शन ठाकुर ने बताया कि प्रिंटर से गलती से एक पोस्टर गलत प्रिंट हो गया था। उन्होंने भी ध्यान नहीं दिया। जब उन्हें मालूम पड़ा तो उसी वक्त गलत पोस्टर हटा दिया गया था।

Spread the love