हिमाचल प्रदेश के पर्यटन नगरी मनाली में 20 जनवरी से राष्ट्रीय शरदोत्सव का आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिडिंबा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद झांकियों को हरी झंडी दिखाकर इस पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष का शरदोत्सव कई मायनों में खास होने वाला है। शरदोत्सव में इस बार विंटर गेम्स की वापसी हो रही है। सोलंगनाला की स्की ढलानों पर स्कीइंग और स्नो क्राफ्ट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शरदोत्सव समिति की अध्यक्ष और कुल्लू की उपायुक्त तोरूल एस. रवीश ने बताया कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इस बार महोत्सव की तिथियों में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक विरासत का विशेष ध्यान रखा गया है। मॉल रोड पर सैकड़ों झांकियां निकाली जाएंगी। पांच दिनों तक चलने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय प्रतिभाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। विंटर क्वीन प्रतियोगिता के लिए शिमला, चंडीगढ़, मंडी और मनाली में ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव का सबसे आकर्षक हिस्सा होगी महिलाओं की महानाटी, जिसमें लगभग 300 महिला मंडलों की 5 हजार से अधिक महिलाएं पारंपरिक कुल्लवी वेशभूषा में नारी सशक्तिकरण का संदेश देंगी। पर्यटन निगम ने पर्यटकों के लिए अपने होटलों में विशेष छूट की घोषणा की है। स्थानीय व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जो पर्यटकों को क्षेत्र की समृद्ध खान-पान परंपरा से रूबरू कराएंगी।

Spread the love

By