कुल्लू में भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी रहे अमित सूद को आज कुल्लू जिला भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया। उनके नाम की घोषणा जिला भाजपा की बैठक में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं जिला कुल्लू चुनाव प्रभारी पायल वैद्य ने देव सदन कुल्लू में की। नवनियुक्त अध्यक्ष अमित सूद ने इससे पूर्व पार्टी के विभिन्न पदों पर सफलता पूर्वक अपना दायित्व निभाया है। जिलेभर से आए पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अमित सूद ने कहा कि जिला में संगठन को मजबूती प्रदान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। संगठन में नए और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाएगा। जिम्मेदारियों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा: सूद उन्होंने कहा कि, आने वाले विधानसभा चुनावों में कुल्लू जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजा जाएगा। उन्होंने जिला अध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा,नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद ठाकुर सहित प्रदेश तथा जिला के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। कहा कि वह अपनी जिम्मेदारियों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। बैठक में यह रहे उपस्थित पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश्वर सिंह, बंजार विधान सभा के विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी विधानसभा के विधायक लोकेंद्र कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष अरविंद चंदेल, कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से 2022 के चुनाव में प्रत्याशी रहे नरोत्तम ठाकुर ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में प्रदेश, जिला सहित मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।