सैंकड़ों वर्षों के बाद छोटी काशी मंडी में कुल्लू जिला के प्रमुख देवताओं में से एक माने जाने वाले देवता श्रृंगा ऋषि पधार चुकें हैं। देवता का मंडी पहुंचने पर स्थानीय लोगों और देवता समिति के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्प वर्षा भी की गई। बता दें कि छोटी काशी में जारी श्री रामार्चा महायज्ञ और राम कथा में देवता श्रृंगा ऋषि शामिल होने आए हैं। सोमवार शाम को को हजारों देवलुओं के साथ देवता श्रृंगा ऋषि मंडी पहुंचे, जहां राज माधव राय के मंदिर में देवता ने हाजरी भरी। इसके बाद देवता पड्डल में जारी राम कथा में शामिल होने के लिए गए। देवता के साथ भारी संख्या में देवलु आए हैं जिनकी संख्या करीब 2 से ढाई हजार है। देवता के साथ आए पुजारी इंद्र देव शर्मा ने बताया कि यह उनके लिए भी सौभाग्य की बात है, कि मंडी में जारी श्री रामार्चा महायज्ञ एवं राम कथा में आने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि देवता करीब तीन से चार सौ वर्ष बाद मंडी आए हैं या हो सकता है कि देवता पहली बार ही मंडी आए हों। उन्होंने बताया कि देवता अब मंडी में जारी राम कथा में शरीक होंगे और लोगों को अपना आशिर्वाद देंगे। वहीं सर्व देवता समिति मंडी के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि कुल्लू जिला के देवता मंडी आए हैं और परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया है।