नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल समेत देश और दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. रोहतक MDU हॉस्टल की छत गिरी, करनाल का छात्र घायल
हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के लॉ विभाग की छत गुरुवार को गिर गई। जिससे लॉ विभाग का एक छात्र घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घायल छात्र की पहचान करनाल के घरौंडा निवासी 19 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है। हिमांशु गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ एमडीयू के हॉस्टल नंबर 6 की छत पर गया था।
पूरी खबर पढ़ें… 2. दिल्ली में ISIS आतंकी रिजवान अली गिरफ्तार, NIA ने 3 लाख का इनाम रखा था
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार सुबह ISIS के एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी पहचान रिजवान अली के रूप में हुई है। वह दिल्ली के दरियागंज में रहता था। अतंकी रिजवान पर 3 लाख रुपए का इनाम भी था। NIA की हिट लिस्ट में भी इसका नाम था। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने अलर्ट जारी किया था।
पढ़ें पूरी खबर… 3. अमृतसर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार, पुलिसकर्मी की मौके पर मौत
पंजाब के अमृतसर में गुरुवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से स्कॉर्पियो कार टकरा गई। इससे कार चला रहे पुलिस कर्मचारी की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने अमृतसर बाइपास ब्लॉक कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि यहां सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं। जिसके चलते यहां दुर्घटनाएं होती हैं। मृतक पुलिस कर्मचारी डेढ़ महीने बाद अमेरिका जाने वाला था। पूरा परिवार उसके जाने की तैयारियां कर रहा था।
पूरी खबर पढ़ें… 4. मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 17 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे
सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को जमानत दे दी है। सिसोदिया ने दिल्ली हाईकोर्ट की तरफ से जमानत याचिका खारिज किए जाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। शराब नीति केस में सिसोदिया पिछले 17 महीनों से जेल में थे। सिसोदिया को पिछले साल 26 फरवरी को CBI ने और 9 मार्च को ED ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने 28 फरवरी 2023 को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दिया था।
पढ़ें पूरी खबर… 5. हरियाणा में लॉरेंस गैंग के गुर्गों-पुलिस में मुठभेड़:बाइक पर भागते वक्त एक को मारी गोली
हरियाणा के करनाल में आज तड़के लॉरेंस गैंग के गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। 2 बदमाशों ने पहले पुलिस पर फायरिंग की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश की टांग में गोली मारी। एक को गोली लगते तो दूसरे ने भागे का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। दोनों की उम्र करीब 19 साल है। इन्हीं दोनों बदमाशों ने 2 दिन पहले करनाल में श्री रामचंद्र मेमोरियल अस्पताल के बाहर हवाई फायर किया था। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर भानू ने ली थी।
पूरी खबर पढ़ें… 6. वायनाड लैंडस्लाइड पर केरल हाईकोर्ट में सुनवाई आज, 10 दिन बाद भी 138 लापता
केरल हाईकोर्ट आज वायनाड लैंडस्लाइड पर सुनवाई करेगा। 30 जुलाई को लैंडस्लाइड में 400 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के 10 दिन बाद 138 लोग अब भी लापता है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने पूछा था कि सरकार को सोचना चाहिए कि अवैध खनन और बाढ़ जैसी चीजों को रोकने के लिए कानूनी तौर पर क्या किया जा सकता है। बेंच ने कहा कि केरल के कुछ क्षेत्र ईको सेंसेटिव जोन हैं। जरूरी हो तो मौजूदा नियमों को निरस्त किया जाना चाहिए।
पढ़ें पूरी खबर… 7. हिमाचल में फिर हिली धरती, मंडी में 3.3 तीव्रता का भूकंप
​​​​​हिमाचल प्रदेश के मंडी में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.3 मापी गई। जमीन के अंदर इसकी गहराई 5 किलोमीटर रही। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक सुबह 9:53 बजे 3 बार हल्के झटके महसूस किए गए। जिन लोगों को झटके महसूस हुए वे अपने घरों से बाहर निकल आए।
पूरी खबर पढ़ें… 8. नीरज चोपड़ा ने पेरिस में सिल्वर जीता, 2 ओलिंपिक में मेडल जीतने वाले तीसरे भारतीय
नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलिंपिक के जेवलिन थ्रो इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। 26 साल के नीरज ने 89.45 मीटर दूर भाला फेंका और दूसरा स्थान हासिल किया। इसी के साथ नीरज लगातार दो ओलिंपिक में मेडल जीतने वाले भारत के तीसरे प्लेयर बन गए। नीरज ने टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड जीता था। नीरज से पहले रेसलर सुशील कुमार और शटलर पीवी सिंधु ने लगातार दो ओलिंपिक में मेडल जीते थे।
पढ़ें पूरी खबर… 9. फरीदाबाद में महिला ने ऑटो में जन्मा बच्चा, खून-प्लेटलेट्स की कमी बता दिल्ली रेफर की
हरियाणा के फरीदाबाद में डॉक्टरों और स्टाफ की फिर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल में आई एक गर्भवती महिला को प्लेटलेट्स कम होने की बात कह कर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला को एम्बुलेंस भी नहीं मिली। परिजनों ने महिला को दिल्ली ले जाने के लिए ऑटो में बैठाया तो कुछ देर बाद ही ऑटो में ही महिला की डिलीवरी हो गई।
पूरी खबर पढ़ें… 10. मानसून सत्र का 15वां दिन, आज वक्फ बिल को लेकर संसद में हंगामा हो सकता
संसद के मानसून सत्र का आज 15वां दिन है। लोकसभा में आज भी वक्फ संशोधन बिल पर हंगामा होने के आसार हैं। गुरुवार को लोकसभा में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ कानून (संशोधन) बिल पेश किया था, जिसे केंद्र सरकार ने संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेज दिया। इस बिल का कांग्रेस, सपा, NCP (शरद पवार), AIMIM, TMC, CPI (M), IUML, DMK, RSP ने विरोध किया था।
पढ़ें पूरी खबर…

Spread the love

By