केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से BJP प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर ​​​​​सुक्खू पर बड़ा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस सरकार बनी, वहां पर अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का कोटा पांच प्रतिशत कम करने का प्रयास किया। हमीरपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब कर्नाटक में 10 जनपथ के इशारों पर SC, ST व OBC का हक मारने की तैयारी चल रही थी, तो क्या तब मुख्यमंत्री सुक्खू ने इसका विरोध किया या फिर समर्थन किया? क्या हिमाचल सरकार भी SC, ST व OBC का 5 फीसदी कोटा कम करने जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के दलितों पर हमले की तैयारी चल रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने अंबेडकर को प्रताड़ित किया और राजनीति से बाहर किया? क्या उसी तरह देश के दलितों पर कांग्रेस प्रहार करने जा रही है। देश में धर्म के नाम पर आरक्षण का जो काम हो रहा है, ऐसा करके कांग्रेस देश को धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदा SC का हक मारा और उन्हें हाशिए पर धकेलने का काम किया। आज SC समाज का कांग्रेस से पूरी तरह मोहभंग हो चुका है। हर दिन उनके कार्यक्रमों में सैकड़ों SC परिवार भाजपा से जुड़ रहे हैं। SC, ST व OBC आरक्षण को मुद्दा बना रहे अनुराग अनुराग ठाकुर हरेक जनसभा में SC, ST व OBC का आरक्षण खत्म करने को बड़ा मुद्दा बना रहे हैं। इसे लेकर अनुराग बार बार कांग्रेस पर हमलावर है। अनुराग कह रहे हैं कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक में दलितों का हक छीन कर मुस्लिम समुदाय को दिया है। इसे लेकर उन्होंने हिमाचल के मुख्यमंत्री से भी अपना स्टैंड क्लियर करने की बात कही। महिलाओं के 1500 को लेकर सीएम को लपेटा अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार बने 18 महीने बीत गए हैं। मगर अब तक हमारी बहनों को 1500-1500 रुपए नहीं दिए गए। एक-एक बहन की 27-27 हजार रुपए की देनदारी हो गई है। हमारी बहनों को आखिर ये पैसा कब मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को पहले ये देनदारी खत्म करनी चाहिए। तब जाकर वोट मांगना चाहिए।

Spread the love

By