हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। 4 शहरों का पारा 40 डिग्री पार हो गया है। अगले चार-पांच दिन में तापमान में और इजाफा होगा। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) बिन बरसे कमजोर पड़ रहा है। इससे अगले एक-दो दिन में पांच जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा व मंडी के कुछेक इलाकों में हीट वेव चल सकती है। IMD के दो दिन पहले के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 मई तक मैदानी इलाकों को छोड़कर मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश का अनुमान था। मगर अब इसकी संभावना बहुत कम रह गई है। 21 मई तक इक्का-दुक्का स्थानों पर ही बारिश हो सकती है। जाहिर है कि इससे पहाड़ों में गर्मी बढ़ेगी। ऊना का तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आज तक का ऊना का रिकॉर्ड तापमान 23 मई 2013 को 45.2 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बार यह रिकॉर्ड टूट सकता है। वहीं हमीरपुर के नेरी का तापमान 43.1 डिग्री, धोलाकुंआ व बिलासपुर का 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। सीजन का सबसे गर्म दिन ‘शुक्रवार’ इस सीजन का ‘शुक्रवार’ सबसे गर्म दिन रहा। प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान में भी उछाल आया है। 10 शहरों का पारा 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। खासकर दिन के वक्त लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। शिमला में रिकॉर्ड टैंपरेचर की 3 डिग्री कम पारा अब तो शिमला, नारकंडा, कुफरी और मनाली में भी गर्मी पड़ने लगी है। शिमला का तापमान नॉर्मल से 4.4 डिग्री अधिक के उछाल के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। शिमला का आज तक का रिकॉर्ड टैंपरेचर 14 साल पहले यानी 27 मई 2010 को 32.4 डिग्री सेल्सियस था। बिलासपुर के तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 5.3 डिग्री का उछाल आया है। मनाली का पारा भी नॉर्मल से 2.5 डिग्री के उछाल के साथ 27.5 डिग्री हो गया है। एक-दो दिन में हीट-वेव भी चल सकती है : सुरेंद्र पाल मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ गया है। इससे बारिश की संभावना नहीं है। एक-दो स्थानों पह हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि अगले दो तीन दिन में प्रदेश के मैदानी इलाकों में हीट-वेव भी चल सकती है।