हिमाचल में लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस सरकार में फिर बवाल मचने लगा है। हिमाचल के कृषि मंत्री ने CM सुखविंदर सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को राज्यसभा चुनाव के वक्त हुई बगावत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। एक इंटरव्यू में कृषि मंत्री चंद्रकुमार ने खुलकर कहा कि 6 बागी विधायकों की नाराजगी की सीएम और डिप्टी सीएम ने परवाह नहीं की। इसी वजह से वे पार्टी छोड़कर चले गए। मंत्री का इंटरव्यू सामने आते ही भाजपा ने इसे मुद्दा बना लिया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर मंत्री चंद्र कुमार का इंटरव्यू शेयर करते हुए लिखा- हिमाचल की कांग्रेस सरकार में मंत्री चंद्र कुमार ने माना कि चुने हुए विधायकों के साथ सीएम सुक्खू सौतेला व्यवहार करते थे। वहीं मंत्री के इस बयान से फिर हिमाचल में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को हवा मिल सकती है। भाजपा ने इन 6 बागी विधायकों को उपचुनाव में उन्हीं की सीटों से उम्मीदवार बनाया है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार की 4 अहम बातें 1. बगावत रोकी जा सकती थी
मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि विधायकों की बगावत रोकी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा तो महत्वकांक्षी थे। मगर बाकी लोग कांग्रेस के पुराने बैकग्राउंड के लोग थे। इनका पार्टी छोड़कर जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके पीछे कई फैक्टर इन्वॉल्व थे। कुछ लोग मंत्री नहीं बनने से नाराज थे। कुछ लोग कहते थे कि उनकी बात नहीं सुनी गई। 2. उनकी बात सुननी चाहिए थी, सरकार की कमी रही
चंद्र कुमार ने कहा कि सरकार के स्तर पर ये कमी रही कि उनकी बात को सुन लेना चाहिए था। पार्टी छोड़ कर गए विधायकों की नाराजगी थी कि चपरासी की ट्रांसफर उनके कहने पर कैंसिल नहीं की गई। फलां आदमी गया तो कैंसिल कर दी। इससे विधायकों ने अपमानित महसूस किया और सरकार पर एक साल में ही यह संकट आया। 3. टेंडर जैसे छोटे काम में सरकार की दखलअंदाजी ठीक नहीं
MLA ने इन चीजों को दिल पर लगा दिया। उन्होंने कहा- MLA का बड़ा काम ट्रांसफर ही होता है। वीरभद्र सिंह भी यही करते थे कि 10 ट्रांसफर कर दी और 10 रोक दी। उन्होंने कहा कि टेंडर जैसे छोटे-छोटे काम में दखलअंदाजी करना ठीक नहीं है। इससे चुने हुए विधायक को परेशानी होती है। 4. बागी विधायकों को भी संयम बरतना चाहिए था
चंद्र कुमार ने कहा कि राजनीति में हर नेता की प्रत्येक बात नहीं मानी जा सकती। इसलिए बागी विधायकों को भी थोड़ा संयम बरतना चाहिए था। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और CLP को मिलकर चलना होगा। जनता बागी विधायकों को जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। राज्यसभा चुनाव को लेकर आई मंत्री की प्रतिक्रिया
दरअसल, चंद्र कुमार ने यह बात प्रदेश में बीते 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव के बाद सरकार पर आए सियासी संकट के संदर्भ में कही है। उन्होंने इस संकट के लिए बागी विधायकों के साथ साथ सरकार के मुखिया पर सवाल उठाए हैं। राज्यसभा चुनाव में इन 6 बागी विधायकों की वजह से बहुमत के बावजूद कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी हार गए और भाजपा के हर्ष महाजन जीत गए।

Spread the love

By