हिमाचल पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो टॉकिंग पॉइंट बना हुआ है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, निर्धन मुस्लिम, गरीब हिंदू व इसाई और गरीबों की बात की गई है। ​​​​​​इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ​BJP को कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर आपत्ति है। पी चिदंबरम ने मंगलवार को शिमला में कहा- उन्होंने खुद तमिलनाडू में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान दूर दराज के गांव में भी कांग्रेस के मेनिफेस्टो की चर्चा हो रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में हर वर्ग को राहत और न्याय देने की बात कही गई है। बीजेपी को इससे ईर्षा हो रही है। ‘मोदी की गारंटी’ पॉलिटिकल पार्टी का मेनिफेस्टो नहीं हो सकता: चिदंबरम पूर्व केंद्रीय मंत्री ने BJP के मेनिफेस्टो पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा- BJP के मेनिफेस्टो का टाईटल ही ‘मोदी की गारंटी’ है। उन्होंने कहा- किसी भी पॉलिटिकल पार्टी का मेनिफेस्टो मोदी की गारंटी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को भी कांग्रेस का मेनिफेस्टो पढ़ना चाहिए। बैंक खाते फ्रीज कर हैंडिकेप्ट बनाया चिदंबरम ने कहा- BJP ने खुद इलैक्ट्रोल बांड से 8500 करोड़ रुपए का चंदा लिया है और कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर उन्हें हैंडिकैप्ट जरूर बनाया है। मगर कांग्रेस की ओर से जनता खुद चुनाव लड़ रही है और चुनाव में बीजेपी को इसका जवाब मिल जाएगा। 400 पार का गणित समझ से बाहर बताया एक सवाल के जवाब में चिदंबरम ने कहा कि बीजेपी 400 पार की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तमिलनाडू में 25 की 25 सीटें हार रही है। इसी तरह केरला में बीजेपी सभी 20 सीटों पर चुनाव हार रही है। ऐसे में 400 सीटें पार का गणित उनकी समझ से परे हैं। कांग्रेस के मेनिफेस्टो में जिन्ना की आत्मा: BJP वहीं हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा- कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मुस्लिम लीग के नक्शे कदम पर चल रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि मोहम्मद अली जिन्ना की आत्मा कांग्रेस में प्रवेश कर गई है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का घोषणा पत्र केवल और केवल एक धर्म विशेष के तुष्टीकरण के साथ भरा पड़ा है। कांग्रेस पार्टी देश को केवल वोट लेने के लिए जाति, धर्म, सम्प्रदाय के आधार पर बांटने की दोबारा से तैयारी कर रही है।

Spread the love

By