हिमाचल में कांग्रेस के लोकसभा और विधानसभा उप चुनाव के लिए टिकट पर आज दिल्ली में मंथन होगा। सेंटर इलेक्शन कमेटी (CEC) की मीटिंग में आज शाम तक हिमाचल में कुछ सीटों के टिकट पर मुहर लग सकती है। फिलहाल मंडी लोकसभा सीट से विक्रमादित्य सिंह व हमीरपुर से सत्तपाल रायजादा, कुटलैहड़ विधानसभा से विवेक शर्मा और धर्मशाला से देवेंद्र जग्गी का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। बड़सर, सुजानपुर, गगरेट और लाहौल स्पीति विधानसभा उप चुनाव के लिए टिकट का ऐलान पार्टी द्वारा हाल में कराए गए सर्वे रिपोर्ट के आधार पर हो सकता है। वहीं शिमला लोकसभा सीट से सर्वे में सीटिंग MLA विनोद सुल्तानपुरी सबसे आगे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस SC मोर्चा के अध्यक्ष अमित नंदा का नाम पैनल में शामिल किया गया है। शिमला सीट से दयाल प्यारी और सोहन लाल भी टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं। BJP के पूर्व MP वीरेंद्र कश्यप भी रेस में शिमला सीट पर भाजपा के दो बार के पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप का नाम भी कांग्रेस के टिकट दावेदारों की रेस में माना जा रहा है। BJP के वोट बैंक पर सेंध लगाने के लिए कांग्रेस के कुछ नेता वीरेंद्र कश्यप को टिकट देना चाह रहे है। अब पार्टी देख रही कि हैं कि कश्यप की एंट्री से बगावत के कितने आसार है। कांगड़ा से आशा कुमारी आगे उधर, कांगड़ा लोकसभा सीट से दो बार की मंत्री और छह बार की विधायक आशा कुमारी का टिकट फाइनल माना जा रहा है। आशा कुमारी के साथ पूर्व विधायक जगजीवन पाल और डॉ. राजेश शर्मा का नाम पैनल में है। सूत्र बताते हैं कि आशा कुमारी का टिकट फाइनल माना जा रहा है। मगर कांग्रेस के कुछ नेता चाहते हैं कि कांगड़ा जिला से प्रत्याशी दिया जाए, क्योंकि कांगड़ा लोकसभा सीट पर 17 विधानसभा क्षेत्रों में से 13 हलके कांगड़ा जिला के है, जबकि आशा कुमारी चंबा जिला से संबंध रखती है और चंबा के चार विधानसभा क्षेत्र ही कांगड़ा संसदीय हलके में है। कुटलैहड़ में विवेक शर्मा प्रत्याशी होंगे विधानसभा उप चुनाव की बात करें तो कुटलैहड़ से विवेक शर्मा और धर्मशाला से देवेंद्र जग्गी का टिकट लगभग तय है। वहीं सुजानपुर में कांग्रेस कुलदीप पठानिया को राजेंद्र राणा के सामने उतारने की चर्चा है। गगरेट से रमन जसवाल की मजबूत दावेदारी गगरेट में पूर्व विधायक राकेश कालिया और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार के नाम की चर्चा है। सूत्र बताते हैं कि गगरेट से रमन जसवाल को पार्टी टिकट दे सकती है, क्योंकि गगरेट में राजपूत वोटर का दबदबा है। यहां पर लगभग 45 प्रतिशत राजपूत मतदाता है। रमन जसवाल की राजपूत वोट पर अच्छी पकड़ मानी जा रही है। बड़सर में प्रत्याशी को लेकर तस्वीर धुंधली हमीरपुर जिला की बड़सर विधानसभा से पूर्व विधायक मंजीत सिंह डोगरा का नाम चर्चा में है। मंजीत डोगरा दो बार विधायक, एक बार वह इंडिपेंडेंट तो दूसरी बार कांग्रेस से चुनाव जीते हैं। मंजीत के अलावा ज्ञान चंद और संजीव शर्मा का नाम भी बड़सर से चर्चा में है। संजीव शर्मा पूर्व में BJP से बागी हो कर चुनाव लड़ चुके हैं। इनमें से किसी एक को कांग्रेस टिकट देकर पार्टी से बागी हुए तीन बार के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के सामने उतार सकती है। लाहौल स्पीति में मारकंडा का विरोध लाहौल स्पीति में कांग्रेस के कुछ नेता बीजेपी के पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा को टिकट देना चाहते है। मगर यहां पार्टी को बगावत का डर है। इसलिए मारकंडा के अलावा पार्टी प्रवक्ता अनिल सहगल, जिला परिषद चेयरमैन अनुराधा राणा और पूर्व विधायक रघुवीर सिंह ठाकुर का नाम भी चर्चा में है। ऐसे में गेंद पार्टी हाईकमान के पाले में है। खड़गे की अध्यक्षता में होगी CEC दिल्ली में होने वाली CEC के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह बीती शाम को ही दिल्ली रवाना हो गई है। वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू भी आज दिल्ली जा सकते हैं। दिल्ली में आज राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली CEC में टिकट फाइनल होंगे। इसलिए सीटिंग MLA पर जोखिम ले रही सरकार राज्यसभा चुनाव से पहले हिमाचल की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की दो से तीन लोकसभा सीटों पर सीटिंग MLA को चुनाव लड़ाने की तैयारी थी। मगर जिस तरह राज्यसभा चुनाव के बाद सरकार पर संकट आया। उससे घबरा कर कांग्रेस ने सीटिंग MLA को चुनाव नहीं लड़ाने का निर्णय लिया था, क्योंकि विधानसभा में इससे अंक गणित गड़बड़ाने का डर था, लेकिन सुक्खू सरकार अब छह सीटों पर हो रहे विधानसभा उप चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त है। ऐसे में कांग्रेस खासकर शिमला और मंडी सीट पर सीटिंग MLA को चुनाव लड़ाने का जोखिम लेने की तैयारी में है।