हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से BJP प्रत्याशी एवं बॉलीवुड क्वीन कंगना रनोट ने कहा कि, कदम-कदम पर विरोधियों ने उन्हें प्रताड़ित किया। मुंबई में उनका घर तक तोड़ दिया। उन्हें बॉलीवुड इंडस्ट्री से भी भगाने की कोशिश की गई। कई केस कर दिए। अब टिकट मिलने पर विरोधियों के पेट में जलन हुई है। मंडी के सुंदरनगर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कंगना ने कहा कि, दो महीने अगर आप मोर्चा संभालेंगे तो उसके बाद मैं आपकी सेवा में लगी रहूंगी। कंगना ने कहा कि, कांग्रेस के लोगों ने अब उन पर अश्लील टिप्पणी कर दी। हिमाचल की बेटी के अपमान का जवाब जनता देगी। उन्होंने कहा कि, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने मंडी की बेटी को प्रत्याशी बनाया। यह भी विरोधियों को रास नहीं आ रहा। कह रहे हैं मुंबई से प्रत्याशी लाया गया। उन्होंने कहा- मंडी में उनका अपना घर है। उन्होंने मनाली में भी घर बना रखा है। वह कहते हैं कि चुनाव जीतने के बाद मैं दिखाई नहीं दूंगी, यह बचकानी बातें हैं। कंगना ने जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवक मानकर सहयोग करने की अपील की। कंगना ने विरोधियों को अधर्म की तरफ से बताया कंगना ने कहा कि, यह लोकसभा चुनाव किसी धर्मयुद्ध से कम नहीं है। हम धर्म की तरफ से हैं और विरोधी अधर्म की तरफ से। भाजपा और RSS का धर्म राष्ट्रवाद है। उनका धर्म भ्रष्टाचार और परिवारवाद है। कंगना ने कहा- इनके भ्रष्टाचार के कारण देश बदनाम हुआ है। हिमाचल के ये नेता कंगना पर बोल चुके हमला दरअसल, कंगना रनोट पर हिमाचल के डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक केवल सिंह पठानिया मुंबई से लाई गई एक्टर बताकर निशाना साध चुके हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बीजेपी ने चुनावी माहौल बनाने को मुंबई से प्रत्याशी लाया है। एक सवाल के जवाब में जगत नेगी ने कहा कि रिज पर यदि किसी सीरियल की शूटिंग भी हो रही हो तो भी किसी सेलिब्रिटी को देखने के लिए पूरा रिज भर जाता है। विक्रमादित्य सिंह और केवल सिंह पठानिया ने BJP सांसद सन्नी देओल के उस पत्र का हवाला देकर कंगना पर निशाना साधा, जिसमे सन्नी देओल ने 5 साल पहले सांसद बनने पर गुरप्रीत सिंह को हलके में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया था। कांग्रेस नेताओं ने कहा- मंडी की जनता को भी सांसद खोजने के लिए मुंबई जाना पड़ेगा। कंगना इसे बचकानी स्टेटमेंट बताया है।