हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा- कांग्रेस के बागी विधायक 15-15 करोड़ रुपए में बिके हैं। इसके उनके पास प्रूफ हैं। ऊना जिला में गुरुवार को जनसभा संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- जो लोग आपकी भावना बेचकर जाते हैं। आपकी विधायकी नीलाम करते हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा- बागी विधायकों ने अपना ईमान बेचा है। ये सब जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे। उन्होंने कहा- इनकी भ्रष्टाचार से की हुई कमाई जनता की है और जनता में बंटनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा- जो लोग 14 महीने में ही बिक गए, वह किसी भी पार्टी से चुनाव लड़े, ऐसे लोगों की जमानत जब्त करा देंगे। राजनीति से ऐसी गंदगी वोट देकर साफ करने की जरूरत है। नेता प्रतिपक्ष ने वोट के दम पर कुर्सी हथियाने की कोशिश की : CM
CM सुक्खू ने कहा- नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी नोट के दम पर कुर्सी हथियाने की कोशिश की है। ऐसा व्यक्ति कभी भी जनता का सच्चा सेवक नहीं हो सकता और ऐसा आदमी आपको लूटेगा। उन्होंने कहा कि 25 विधायकों वाले जयराम ठाकुर कहते हैं कि 4 जून को उनकी सरकार बनेगी। उन्हें यह समझ नहीं कि जो विधायक कांग्रेस में बिक सकते हैं, वह आने वाले समय में भी किसी भी मंडी में नीलाम हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- बेशक हमारे पास धन नहीं है, लेकिन जनता के वोट से कांग्रेस छह की छह सीटें जीतेगी। राज्यसभा चुनाव में इन विधायकों ने किया था क्रॉस वोट
बता दें कि बीते 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के सुजानपुर से पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो, गगरेट से चैतन्य शर्मा और धर्मशाला से सुधीर शर्मा ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया। इससे बहुमत वाली कांग्रेस सरकार राज्यसभा चुनाव हार गई। यही नहीं इससे सरकार पर भी कुछ समय के लिए संकट आ गया था। कांग्रेस सरकार को कोई खतरा नहीं : मुकेश
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- हिमाचल सरकार को कोई खतरा नहीं है। कांग्रेस को सिर्फ एक विधायक की जरूरत है, जबकि BJP को 10 विधायक चाहिए। यदि स्पीकर तीन निर्दलीय विधायकों का इस्तीफा स्वीकार कर देते हैं तो भी 9 सीटों पर उप चुनाव होगा।

Spread the love

By