हिमाचल की मंडी सीट पर कांग्रेस आज कंगना रनोट को घेरने की रणनीति बनाएगी। हॉट सीट मंडी के लिए कांग्रेस द्वारा प्रभारी बनाए गए PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह कुछ देर में पार्टी और सभी फ्रंटल संगठनों की मीटिंग लेंगे। इसमें कांग्रेस मंडी लोकसभा सीट जीतने की रणनीति बनाएगी। हिमाचल में मंडी इकलौती ऐसी सीट है, जहां से सिटिंग MP कांग्रेस का है। यहां से छह बार के CM वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह सांसद हैं। ‌BJP ने रणनीति के तहत उनके सामने बॉलीवुड क्वीन कंगना रनोट को उतारा है। कंगना ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। वहीं, कांग्रेस अभी टिकट भी तय नहीं कर पाई। हालांकि मंडी से प्रतिभा सिंह का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। मंडी से BJP प्रत्याशी कंगना रनोट कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत द्वारा दिए गए बयान को मुद्दा बना रही हैं और लगातार कांग्रेस पर हिमाचल व मंडी की बेटी के अपमान की बात कह रही हैं। कंगना के इन हमलों का जवाब कैसे दिया जाए, इसकी भी आज रणनीति बनेगी। कांग्रेस की राह इसलिए आसान नहीं
बेशक, यहां से सिटिंग MP कांग्रेस का है, लेकिन सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए राह आसान नहीं है। मंडी संसदीय हलके में पड़ने वाले 17 विधानसभा क्षेत्र में से 12 पर BJP के विधायक जीते हुए हैं, जबकि लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर के रिजाइन करने के बाद कांग्रेस के पास 4 विधायक रह गए हैं। लाहौल स्पीति में अभी उप-चुनाव होना है। मंडी संसदीय हलके में पड़ने वाली मंडी जिला की 9 सीटों पर कांग्रेस का पिछले विधानसभा चुनाव में सूपड़ा साफ हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इसी जिले से हैं। इसलिए सत्तारूढ़ कांग्रेस को मंडी जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाने की जरूरत है। इसकी रणनीति आज मंडी में बनेगी। 19 में से कांग्रेस ने 14 चुनाव जीते
मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस का दबदबा जरूर रहा है। 1951 से आज तक मंडी सीट से कुल 19 आम और उप-चुनाव लड़े गए। यहां से BJP केवल 5 बार, कांग्रेस 14 बार और एक बार भारतीय लोक दल का सांसद चुनाव जीता है। यह कांग्रेस के लिए अच्छा संकेत है, लेकिन 2014 और 2019 में मोदी लहर में कांग्रेस यहां से दोनों आम चुनाव हारी भी है। होलीलॉज का दबदबा
मंडी लोकसभा सीट पर वीरभद्र सिंह परिवार का दबदबा रहा है। मंडी से तीन बार वीरभद्र सिंह खुद और तीन ही बार उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गई हैं। आखिरी पांच चुनाव में भी तीन बार कांग्रेस और दो बार BJP जीती है। अब यहां से कंगना के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है।

Spread the love

By