देश की सबसे हॉट सीट बन चुकी मंडी से BJP प्रत्याशी कंगना रनोट पर हिमाचल के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बड़ा हमला बोला। विक्रमादित्य ने शनिवार को शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- बरसात में मंडी और कुल्लू जिला में सबसे ज्यादा तबाही मची है। मगर कंगना को उस दौरान हिमाचल की याद क्यों नहीं आई। विक्रमादित्य ने कहा कि कंगना का मंडी के साथ-साथ मनाली में भी अपना घर है। दोनों जगह प्रभावित परिवार से मिलने कंगना क्यों नहीं आईं। अब कंगना कह रही हैं कि वह हिमाचल व मंडी की बेटी हैं। जब आपदा आई तो बेटी कहां थी? कंगना को इस बात का जवाब आने वाले दिनों में देना होगा। विक्रमादित्य ने बतौर एक्ट्रेस पूरे देश में हिमाचल का नाम रोशन करने के लिए कंगना का आभार भी जताया। 3 अप्रैल को मंडी फतह करने की रणनीति बनेगी विक्रमादित्य ने कहा- मंडी लोकसभा सीट जीत की रणनीति कांग्रेस 3 अप्रैल को बनाएगी। मंडी में कांग्रेस और सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन की मीटिंग ली जाएगी। इसमें मंडी लोकसभा के साथ साथ लाहौल स्पीति विधानसभा उप चुनाव की भी रणनीति बनाई जाएगी। बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने विक्रमादित्य को मंडी लोकसभा सीट के लिए प्रभारी बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा के कई नेता पार्टी के संपर्क में हैं। कांग्रेस जल्द चारों लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी तय करेगी। सदी की सबसे भीषण आपदा, फिर भी विकास नहीं रुका PWD मंत्री ने कहा- प्रदेश सरकार ने विपरीत परिस्थितियों और सदी की सबसे भीषण आपदा के बावजूद विकास नहीं रुकने दिया। उन्होंने कहा कि आपदा ने अर्थव्यवस्था को 15 हजार करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया है। केंद्र ने मुश्किल से 500 करोड़ रुपए की मदद की है। राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपए का पैकेज राहत एवं बचाव कार्य के लिए लाई है। BJP ने रोके महिलाओं के 1500 रुपए : विक्रमादित्य विक्रमादित्य ने कहा- महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने के साथ ही कांग्रेस सरकार ने ज्यादातर चुनावी वादे पूरे कर दिए हैं। प्रदेश सरकार इन मुद्दों को लेकर लोकसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने इलेक्शन कमीशन को शिकायत करके महिलाओं को 1500 रुपए रोकने का काम किया है। प्रदेश की महिलाएं चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड पर आए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करने की निंदा की।