हिमाचल की छोटी काशी मंडी लोकसभा सीट से BJP प्रत्याशी एवं बॉलीवुड की पंगा गर्ल नाम से मशहूर एक्ट्रेस कंगना रनोट पर आठ केस चल रहे हैं। इनमें ज्यादातर केस महाराष्ट्र की ‌विभिन्न अदालतों में विचाराधीन है। यह जानकारी हिमाचल की भारतीय जनता पार्टी ने खुद अपने ऑफिशियल X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर शेयर की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत यह जानकारी C-7 फॉर्म में चुनाव लड़ने वाले हर उम्मीदवार को शेयर करनी होती है। दो अखबारों में भी इसका विज्ञापन प्रकाशित करना होता है। BJP ने कंगना के C-7 फॉर्म में बताया कि कंगना के बराबर के कैलिबर को कोई नहीं था। इसलिए उन्हें मंडी से प्रत्याशी बनाया गया है। अब कंगना पर दर्ज केसों के बारे में पढ़िए… मुंबई में जावेद अख्तर ने कर रखा मानहानि का केस
C-7 फॉर्म पर शेयर जानकारी के अनुसार, कंगना रनोट पर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने मानहानि का केस कर रखा है। यह केस मुंबई के अंधेरी कोर्ट में विचाराधीन है। इसमें चार्जेज फ्रेम हो गए है। मगर कंगना ने अदालत में काउंटर एप्लिकेशन दायर कर इस केस पर रोक लगाने की मांग कर रखी है। दरअसल, 2020 में जब जावेद अख्तर ने कंगना पर मानहानि का मुकदमा किया था, तब पलटवार करते हुए कंगना ने भी उन पर मानहानि का केस किया। बीते साल जावेद अख्तर को मामले में क्लीन चिट मिल गई, लेकिन कंगना पर लगाया गया जावेद का मुकदमा अब भी जारी है। क्या था पूरा मामला
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना रनोट ने बॉलीवुड के कई लोगों पर संगीन आरोप लगाए थे। कंगना ने इसी दौरान ऋतिक रोशन और उनसे जुड़े लोगों पर भी विवादित बयान दिए थे। कंगना ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान कहा था कि जावेद अख्तर ने उन्हें घर बुलाकर धमकी दी थी कि अगर उन्होंने ऋतिक को परेशान किया तो वो उन्हें छोड़ेंगे नहीं। कंगना का यह बयान सामने आने के बाद जावेद अख्तर ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। कंगना और आशीष के बीच की लड़ाई
दूसरा केस कंगना बनाम लेखक आशीष कौल के बीच बांद्रा कोर्ट में चल रहा है। आशीष कौल ने कंगना के खिलाफ कॉपी राइट के उल्लंघन का मामला दर्ज करा रखा है। इस मामले में भी कंगना ने मुंबई हाईकोर्ट में चुनौती दे रखी है। कंगना ने कुछ साल पहले अनाउंसमेंट की थी कि वह जल्द ‘मणिकर्णिका रिटर्न्स द लीजेंड ऑफ दिद्दा’ नाम की फिल्म बनाएंगी। यह फिल्म जिस किताब पर आधारित है उसके लेखक आशीष कौल है। कंगना के अनाउंसमेंट के बाद ही आशीष ने कंगना के खिलाफ कॉपी राइट उल्लंघन का केस किया है। पंजाब की महिला किसान शाहीन बाग की दादी बताने पर विवाद
पंजाब की महिला किसान महिंदर कौर ने भी कंगना रनोट के खिलाफ बठिंडा की अदालत में केस कर रखा है। कंगना ने ट्विटर पर महिंदर कौर को ‘शाहीन बाग की दादी’ बताया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, कंगना की टिप्पणी से उनकी प्रतिष्ठा कम हुई और उन्हें मानसिक तनाव, पीड़ा, उत्पीड़न, अपमान सहन करना पड़ा। महिंदर कौर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का केस कर रखा है। आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी ने भी कर रखा केस
आदित्य पंचोली की पत्नी जरीना वहाब और कंगना के बीच भी अंधेरी कोर्ट में केस चल रहा है। इसी तरह एक अन्य मामला आदित्य पंचोली ने भी कंगना पर दर्ज करा रखा है। एक वक्त था जब आदित्य पंचोली और कंगना रनोट का अफेयर काफी सुर्खियों में था। मगर कुछ समय बाद दोनों में अनबन हो गई। ब्रेकअप के बाद दोनों के बीच काफी विवाद हुआ। कंगना ने अपने पुराने कई इंटरव्यू में आदित्य पंचोली पर शारीरिक हिंसा और मारपीट करने का आरोप लगाया था। इसके बाद आदित्य पंचोली ने कंगना रनोट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। यह केस अंधेरी कोर्ट में चल रहा है। कर्नाटक में शांति भंग करने का केस
कंगना के खिलाफ एक अन्य मामला कर्नाटक के तुमकुर जिले की अदालत में चल रहा है। दरअसल, कंगना ने अपने एक ट्वीट के जरिए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों पर निशाना साधा था। रमेश नायक ने कंगना पर धर्म, भाषा, नस्ल आदि के आधार पर लोगों में नफरत फैलाने व शांति भंग करने का मामला दर्ज करा रखा है। कंगना रनोट पर दर्ज 8 केस की डिटेल…

Spread the love

By