अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने हिमाचल प्रदेश में दो नए वर्किंग प्रेसिडेंट की तैनाती कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोलन जिला के अर्की से विधायक एवं CPS संजय अवस्थी और मंडी जिला के धर्मपुर से MLA चंद्रशेखर को प्रदेश कांग्रेस का वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया है। इसे लेकर संगठन के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देर रात 10 बजे के बाद आदेश जारी किए। संजय अवस्थी और चंद्रशेखर को लोकसभा चुनाव से पहले यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में दोनों का अहम रोल रहने वाला है। दोनों नवनियुक्त प्रेसिडेंट मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी है। संजय अवस्थी दूसरी बार के विधायक है, जबकि चंद्रशेखर पहली बार MLA बने हैं। इन दोनों की तैनाती के साथ कांग्रेस ने क्षेत्रीय संतुलन साधने का भी प्रयास किया है। अवस्थी शिमला संसदीय क्षेत्र से हैं तो वहीं चंद्रशेखर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से है। अप्रैल 2022 में AICC ने 4 वर्किंग प्रेसिडेंट लगाए थे AICC ने इससे पहले 26 अप्रैल 2022 को भी हिमाचल में चार वर्किंग प्रेसिडेंट लगाए थे। उस दौरान चारों होली-लॉज के करीबी वर्किंग प्रेसिडेंट तैनात किए गए थे। उस दौरान वीरभद्र सिंह के चार वफादार हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा, विनय कुमार और पवन काजल को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया था। इनमे से तीन वर्किंग प्रेसिडेंड हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा और पवन काजल कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल हो गए हैं। अब दो नए वर्किंग प्रेसिडेंट की तैनाती की गई है। ऑब्जर्वर ने प्रदेशाध्यक्ष को बदलने की कर रखी सिफारिश वहीं प्रदेश कांग्रेस की कमान अभी प्रतिभा सिंह के पास है। हालांकि हिमाचल के ऑब्जर्वर एवं कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिव कुमार और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतिभा सिंह को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाने की हाईकमान से सिफारिश कर रखी है। राजनीति के जानकारों की माने तो लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी प्रतिभा सिंह को हटाने का जोखिम नहीं लेगी। संभव है कि चुनाव के बाद पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को बदला जा सकता है। चुनाव में रहेगी अहम भूमिका कांग्रेस पार्टी प्रतिभा सिंह को मंडी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ाना चाह रही है। ऐसे में प्रतिभा सिंह चुनाव में व्यस्त रहेगी। लिहाजा दोनों नव नियुक्त वर्किंग प्रेसिडेंट की चुनाव में अहम भूमिका रहने वाली है।

Spread the love

By