हिमाचल में कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा से रिजाइन करने वाले इंडिपेंडेंट MLA होशियार सिंह ने BJP जॉइन करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू पर हमला बोला। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू अधर्मी है। हम धर्म के साथ है। होशियार सिंह ने कहा कि कांग्रेस के जिन पूर्व विधायकों को लोग बागी कह रहे हैं, वो बागी नहीं शूरवीर हैं। जिन्होंने पूरे प्रदेश को बचाने के लिए एक साहसिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि यह धर्म और अधर्म की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हमारा इस्तीफा जानबूझ कर रोका गया, जिसे जल्द स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘मैं अब खुला शेर हूं’ लेकिन पार्टी के अनुशासन में रहूंगा। वहीं पूर्व मंत्री एवं विधायक बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू को नालायक मुख्यमंत्री बताया और कहा कि CM ने कभी न्याय किया ही नहीं, सिर्फ अन्याय किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को जीजा कहकर भी संबोधित किया और फिर दोहराया की जीजा भी नालायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपने कर्मों से ही गिरेगी। मंडी संसदीय क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी कंगना रनौत पर कांग्रेस की सुप्रिया द्वारा ट्वीट करने पर बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को महिला विरोधी टिप्पणी करने का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। धवाला सहित कई बड़े नेता रहे नदारद होशियार सिंह के स्वागत कार्यक्रम के दौरान बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जो मान-सम्मान दूसरे लोगों को पार्टी में मिल रहा है, वहीं मान सम्मान इनको भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से BJP में आए 6 नेताओं को विधानसभा उप चुनावों में टिकट दे दी गई है। वहीं होशियार के स्वागत समारोह में 2022 में भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रत्याशी रमेश चंद धवाला सहित पार्टी के कई बड़े नेता नदारद रहे।