हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में प्रेस कॉफ्रेंस कर एक बार फिर दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में पिछले 15 महीने से रुठने-मनाने व बारगेनिंग का दौर चल रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह कुछ दिन पहले ऐलान करती हैं कि वह मंडी से चुनाव नहीं लड़ेगी। आज ऐसी जानकारी है कि अब उन्हें मना लिया गया है। वह चुनाव लड़ने को राजी हो गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के छह और 3 इंडिपेंडेंट MLA को सुक्खू कैबिनेट के तीन मंत्री बारी-बारी फोन करते हैं और उन्हें वापस लौटने का प्रलोभन दे रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्री कह रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद CM को बदलने का निर्णय हो गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि बागी और इंडिपेंडेंट MLA को कहा जा रहा है कि आप वापस आ जाओ, आपको बहाल कर देंगे। उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने के प्रलोभन दे रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार कुछ विधायकों के घर तोड़ने को नोटिस दे रही है। लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर के घर की सड़क को बंद किया जा चुका है। नेता प्रतिपक्ष ने बुलाई विधायक दल मीटिंग इस बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज शाम को शिमला में भाजपा विधायक दल की मीटिंग बुलाई है। इसमें भाजपा लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाएगी। सूचना है कि कांग्रेस के विधायक आज ही भाजपा जॉइन कर सकते हैं। इसलिए उनके चुनाव क्षेत्र में बगावत न हो, इसकी भी रणनीति विधायक दल में बनेगी।