हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में एक व्यक्ति की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। यह मर्डर बीते 12 मार्च को हुआ है। हत्या के इस मामले में 10 दिन बाद रामपुर पुलिस थाने में गुरुवार की शाम FIR दर्ज की गई। मृतक की पहचान गगन कुमार निवासी नेपाल के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, 12 मार्च को आधी रात में गगन शराब पीकर दलोग गांव चला गया। आरोप है कि गांव में उसने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और गाड़ी में बैठ गया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद गगन के परिजन उसे वापस ले जा रहे थे, तो उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गुरुवार को नरेन पंचायत के उप प्रधान अभिनाश कायथ की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसमें पांच आरोपी मुरत सिंह, देवेंद्र, रविंद्र, सतबीर सिंह व एक अन्य के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच में जुटी : DSP DSP रामपुर रमेश शर्मा ने बताया कि पिछले कल ही मामला दर्ज किया गया है। जल्द आरोपियों कि गिरफ्तारी होगी। नेपाली की हत्या कैसे और क्यों की गई, इसकी जांच चल रही है।