रिकांगपिओ के महात्मा गांधी पार्क में 4 दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2026 का समापन हुआ। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी समारोह में मुख्य अतिथि थे। नेगी ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत किन्नौर जिले में अब तक 744 लोगों को भू-पट्टे दिए गए हैं। समारोह में 56 अन्य लोगों को भी भू-पट्टे देकर भूमि का मालिकाना हक दिया गया। इससे पहले जगत सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में करीब 3 लाख रुपए की लागत से बने अमृत धारा जल केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम के काम के लिए डीसी और जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की अध्यक्ष सोनाक्षी सिंह तोमर तथा अधिकारी अरविन्द कुमार को सम्मानित किया। नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय इलाकों के गरीब और वंचित लोगों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। नेगी ने घोषणा की कि अगले साल से राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव अक्तूबर-नवंबर के बजाय अगस्त के अंत में होगा।समारोह में खेलकूद, शहनाई वादन और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार और स्मृति चिन्ह दिए गए। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में किन्नौर और प्रदेश के अन्य इलाकों से आए कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं और पारंपरिक लोक नृत्य किए। जगत सिंह नेगी और अन्य अतिथियों का किन्नौरी टोपी पहनाकर स्वागत डीसी और मेला समिति की अध्यक्ष सोनाक्षी सिंह तोमर ने जगत सिंह नेगी और अन्य अतिथियों का किन्नौरी टोपी, खतक और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। उन्होंने महोत्सव में हुई विकास, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विभागों, मेला समिति और स्थानीय लोगों का आभार जताया।