शिमला के मशहूर संकट मोचन मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह से भगवान के चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की सोने की नथ चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात को शनिवार देर रात अंजाम दिया गया। चोरी हुए नथ का वजन करीब एक तोला बताया जा रहा है। चोरों ने मंदिर में रखे दानपात्र को भी निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। पुलिस के अनुसार चोरी की यह वारदात मंदिर के गर्भगृह में हुई, जहां से चोर भगवान के तीन चांदी के मुकुट और माता सीता की नथ ले गए। इसके अलावा मंदिर के दानपात्र से भी नकदी गायब मिली है। इस घटना को लेकर पुलिस थाना बालूगंज में रविवार को केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर शेयर की पुलिस ने उसकी तस्वीर सार्वजनिक की है, ताकि उसकी पहचान करने में आम लोगों की मदद ली जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति तस्वीर में दिख रहे संदिग्ध को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करे। पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में जानकारी देने के लिए पुलिस थाना बालूगंज और जिला शिमला पुलिस से संपर्क करने को कहा है। ऐसे में लोग पुलिस थाना बालूगंज में 0177-2830193 नंबर और एसएचओ बालूगंज को 8894728013 नंबर पर कॉल कर सकते है।