हिमाचल के मैक्लोडगंज में रविवार को दलाई लामा ने अपने आधिकारिक निवास पर हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेरे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गेरे को हिमाचल की पारंपरिक किन्नौरी टोपी पहनाकर सम्मानित किया और तिब्बत के समर्थन में उनके लंबे योगदान के लिए आभार जताया। दलाई लामा ने उन्हें अपना पुराना और भरोसेमंद मित्र बताया। मुलाकात के दौरान दोनों ने हाथ थामकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। तिब्बती परंपरा के अनुसार माथे से माथा मिलाकर स्नेह भी जताया। गेरे ने दलाई लामा के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उनका आशीर्वाद लिया। तिब्बती धर्मगुरु ने दलाई लामा ने कहा कि करुणा, आपसी भाईचारे और विश्व शांति का संदेश फैलाने में रिचर्ड गेरे का योगदान सराहनीय है। उन्होंने तिब्बती संस्कृति और मानवाधिकारों के समर्थन में गेरे के दशकों लंबे समर्पण की प्रशंसा की। 1980 के दशक से तिब्बत के समर्थक हैं गेरे रिचर्ड गेरे 1980 के दशक से दलाई लामा के अनुयायी और तिब्बती मुद्दे के मुखर समर्थक रहे हैं। वह इंटरनेशनल कैंपेन फॉर तिब्बत (आईसीटी) के अध्यक्ष भी हैं। इस संगठन के माध्यम से वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिब्बत की सांस्कृतिक पहचान, मानवाधिकारों और अहिंसा का मुद्दा उठाते रहे हैं। लंबे समय से तिब्बती समुदाय के अधिकारों के लिए सक्रिय दलाई लामा और गेरे की दोस्ती चार दशक से भी अधिक पुरानी है। गेरे लंबे समय से तिब्बती समुदाय के अधिकारों और उसकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सक्रिय हैं। दोनों की यह मुलाकात पुराने संबंधों और साझा प्रतिबद्धताओं की एक और झलक रही।